
लोहरदगा। झारखंड की मिट्टी ने एक बार फिर कमाल किया है। लोहरदगा ज़िले के कुडू प्रखण्ड के सलगी पंचायत निवासी और तारकेश्वर महतो के पुत्र सुमन प्रजापति अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। सुमन का चयन ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा शहर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय बोसिया टूर्नामेंट (3 से 11 नवंबर 2025) के लिए हुआ है, जहां वे भारतीय टीम की ओर से हिस्सा लेंगे।
सुमन आज 13 अक्टूबर को अपनी तैयारी को और निखारने के लिए चंडीगढ़ स्थित स्पाइनल रिहैब सेंटर में विशेष ट्रेनिंग कैम्प के लिए रवाना हुए। यह प्रशिक्षण उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के लिए प्रस्थान करेंगे।

सुमन प्रजापति का खेल सफर प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने इससे पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है —उन्होंने 2024 में ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पेयर इवेंट में रजत पदक और 2025 में विशाखापट्टनम में आयोजित चैम्पियनशिप में इंडिविजुअल कैटेगरी में रजत पदक जीतकर झारखंड और भारत का नाम रोशन किया।
सुमन का कहना है —> “मैं इस बार पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरूंगा और देश के लिए पदक जीतने का पूरा संकल्प लिया है। मुझे गर्व है कि मैं भारत का झंडा अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जा रहा हूँ। यह मेरे लिए सपना पूरा होने जैसा है।”
उन्होंने अपने परिवार, कोच, और शुभचिंतकों का आभार जताया और विशेष रूप से लोहरदगा के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद को धन्यवाद दिया जिन्होंने हर कदम पर सहयोग और प्रेरणा दी।साथ ही सुमन ने हिंडालको कंपनी का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया यात्रा के लिए स्पॉन्सरशिप प्रदान कर उनका सपना साकार किया।
✨ सलगी पंचायत के लाल सुमन प्रजापति की इस उपलब्धि से पूरा लोहरदगा गर्व महसूस कर रहा है। Live11 Media की ओर से उन्हें शुभकामनाएँ — भारत का तिरंगा एक बार फिर ऊँचा लहराए!