
रांची। झारखंड की राजधानी रांची से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। अरगोड़ा कटहल मोड़, लाजपत नगर के रहने वाले 20 वर्षीय पीयूष पुष्प की दक्षिण अफ्रीका के जोहांसबर्ग में पायलट ट्रेनिंग के दौरान विमान दुर्घटना में मौत हो गई।
घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है, जब प्रशिक्षण के दौरान उड़ान भरते वक्त विमान अचानक असंतुलित होकर क्रैश हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और एयरफोर्स अधिकारियों की मदद से पीयूष को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 11 अक्टूबर को उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, पीयूष पुष्प पायलट बनने का सपना लेकर कुछ महीने पहले ही दक्षिण अफ्रीका गए थे। वे वहां जोहांसबर्ग के एक फ्लाइंग अकैडमी में पायलट ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे थे। उनकी मेहनत, लगन और उड़ान के प्रति जुनून ने उन्हें कम उम्र में ही सबका चहेता बना दिया था।
पीयूष के निधन की खबर मिलते ही रांची में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि परिजन उनके शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं और भारतीय दूतावास से संपर्क में हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पीयूष बचपन से ही मेहनती और सपने देखने वाला युवा था। वह हमेशा आसमान की ऊँचाइयों को छूने का सपना देखा करता था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।पीयूष के दोस्तों और शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। एक मित्र ने लिखा —> “तू आसमान को छूना चाहता था पीयूष, आज सच में उड़ गया… लेकिन हम सबको रुला गया।”
Live11 Media परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए गहरी संवेदना। भगवान उनके परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें।