
रांची: झारखंड राजभवन के समक्ष सोमवार को सत्तापक्ष का महाधरना राज्य में चल रही सियासी सरगर्मी को और बढ़ा गया। महाधरना में गठबंधन के वरीय नेताओं समेत राज्य सरकार के मंत्री भी शामिल हुए। इस दौरान राजभवन, केंद्रीय एजेंसियां, केंद्र सरकार व भाजपा मुख्य तौर पर निशाने पर रही। महाधरना के दौरान भारी भीड़ जुटी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल रहा।
धरना प्रदर्शन में लोगों को संबोधित करने पहुंचे मंत्री मिथिलेश ठाकुर बोलते बोलते उस वक्त अपना आपा खो गए जब उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में बाधक बनने वाले को खदेड़ने का काम करेंगे और उसके बाद भी नहीं माने तो हम उनकी टांग तोड़ देंगे।
केंद्रीय जांच एजेंसी का दुरुपयोग और लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के षड्यंत्र के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान पूर्व विधायक बंधु तिर्की के बिगड़े बोल सुनने को मिले। पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने कहा भाजपा कार्यकर्ताओं को पटक-पटक कर मारने की जरूरत पड़े तो पटक-पटक कर मारो।