जहानाबाद : अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस 2021 के अवसर पर गांधी मैदान में जिला पदाधिकारी हिमांशु कुमार राय द्वारा दिव्यांगजनों के लिए आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सह जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सौजन्य से विभिन्न कार्यक्रम और दिव्यांगजनों की ट्राई साइकिल रेस, नींबू चम्मच रेस एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें दिव्यांगजनों द्वारा पूरे उत्साह के साथ प्रतिभागिता दर्ज की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत दिव्यांगजन बच्चों द्वारा स्वागत गान कर किया गया, इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर ट्राईसाइकिल रेस का शुभारंभ किया गया तथा ट्राईसाइकिल रेस में विजेता हुए तीन प्रतिभागियों जिसमें प्रथम पुरस्कार अखिलेश कुमार, द्वितीय पुरस्कार चुनमुन कुमार एवं तृतीय पुरस्कार पंकज कुमार को दिया गया तथा रेस में उपस्थित हुए सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया तथा उनके जोश और उत्साह की सराहना की गई।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस 2021 का विषय विश्व में कोविड-19 उपरांत दिव्यांग व्यक्तियों का समावेशी, सुलभ और टिकाऊ नेतृत्व एवं भागीदारी है। जिसके उपलक्ष्य में विधानसभा चुनाव 2020 में कार्यक्रमों में दिव्यांगजनों को मतदान हेतु जागरूकता कार्यों के लिए बेहतर नेतृत्व करने तथा एथलेटिक्स खेल विद्या में उपलब्धि प्राप्त करने के लिए आज जिला पदाधिकारी द्वारा निर्वाचन पीडब्ल्यूडी आइकॉन श्री अजीत कुमार को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। नींबू चम्मच रेस में प्रतिभागिता दर्ज करने वाली नेत्रहीन बच्चियों को पुरस्कृत किया गया जिसमें प्रथम पुरस्कार बेबी सोनी कुमारी, द्वितीय पुरस्कार निभा कुमारी तथा तृतीय पुरस्कार सोनी कुमारी को दिया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में दिव्यांगजन बच्चों द्वारा विभिन्न संकल्पनाओं को चित्र के माध्यम से प्रदर्शित करने के लिए प्रथम पुरस्कार अंजली कुमारी, द्वितीय पुरस्कार अंजलि तथा तृतीय पुरस्कार उषा एवं वैजयंती को दिया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुश्री निकिता द्वारा जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सह जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं यथा बिहार राज्य निःशक्तता सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना, मुख्यमंत्री निशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, यूडीआईडी कार्ड के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही डीपीएम बुनियाद केंद्र रीमा सिन्हा द्वारा बुनियाद केंद्र में दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा संजीवनी वैन के बारे में जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा गांधी मैदान परिसर में अवस्थित संजीवनी वैन का निरीक्षण किया गया एवं डीपीएम बुनियाद केंद्र को निर्देशित किया गया कि समय-समय पर कक्षा आठ के नीचे वाले विद्यालयों में भी रूट चार्ट तैयार कर परिचालन कराना सुनिश्चित करें ताकि बच्चों को इसकी सुविधा उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के साथ साथ सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, उप निर्वाचन पदाधिकारी, डीपीएम बुनियाद केंद्र एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सह जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं बुनियाद केंद्र के सभी पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।