रांची: बुंडू थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के समीप मंगलवार दोपहर एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल वैन को अपनी चपेट में ले लिया। अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल वैन में ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि वैन 50 मीटर दूर जा गिरा। घटना के समय स्कूली वैन में कई बच्चे मौजूद थे। इस दुर्घटना में फिलहाल 4 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद काफी देर तक कई बच्चे स्कूल वैन में ही गंभीर रूप से घायल होकर फंसे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही बुंडू थानेदार मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त स्कूली वैन से दो बच्चों के शव को बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में मरने वाले बच्चों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है।
दुर्घटना के बाद घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने NH-33 मुख्य सड़क को जाम कर दिया जिसके बाद दोनो ओर दूर-दूर तक गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। रांची जमशेदपुर मार्ग पर परिचालन पूरी तरह से बंद हो गया है। दुर्घटना में स्कूली बच्चों की मौत की सूचना के बाद काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई है। लोगों का कहना है कि अक्सर बुंडू सूर्य मंदिर के पास सड़क दुर्घटनाएं होती हैं,जिनमें लोगों की मौत भी हो जाती है। लेकिन इस पर नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस के वरीय अधिकारी भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।