
रांची- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 नवंबर यानी की आज झारखंड दौरे पर है। सुबह वायु सेना के विशेष विमान से झारखंड में रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंची, जहां राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका पुष्पगुच्छ और शौल देकर स्वागत किया, साथ ही एयरपोर्ट पर ही देश की महामहिम को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।


दरअसल, आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के साथ-साथ झारखंड का स्थापना दिवस भी है, इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड दौरे पर है। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के खूंटी में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के जन्म स्थान उलिहातु गांव पहुंची, जहां पहुंचकर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर धरती आबा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राज्य के राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। इसके अलावा आज भगवान बिरसा मुंडा के जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उलिहातू में उनके गांव पर बिरसा मुंडा के परिजनों से भी मुलाकात की।


इस मौके परराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सीएम और राज्यपाल समेत अन्य अथितियो ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित किए.
