खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई के लोग इलाके में नक्सली संगठन को मजबूत करने के लिए लोगों को अपने संगठन में जुड़ने का अपील कर रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद खूंटी एसपी आशुतोष शेखर ने मामले की जांच करने का आदेश दिया। मामले की जांच करते हुए रनिया थाने की पुलिस ने कुल 3 लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार सभी लोग रनिया थाना के रंगरोटी गांव में किसी बड़े नक्सली वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हालांकि रनिया थाना की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम विश्राम कोंकणी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा है और दूसरे आरोपी का नाम कुलीन कोंगाडी है। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने इन लोगों के पास से दो जिंदा गोली, पीएलएफआई का पर्चा, चंदा रसीद, मोबाइल और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा पिछले 7 बड़े मामलों का आरोपी है जो फरार चल रहा था। वहीं कुलेन कोनगाडी पिछले पांच बड़े मामलों का मुख्य आरोपी है और फरार चल रहा था। पुलिस इन लोगों के खिलाफ जांच कर कार्यवाई कर रही है।