लोहरदगा : लोहरदगा के पेशरार थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती सहेदापाट के जंगल में माओवादियों के साथ 10 फरवरी की शाम पुलिस के कोबरा बटालियन की जबरदस्त मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने माओवादियों को तीन तरफ से घेर लिया था। मगर माओवादी भागने में कामयाब रहे।
खबर है कि माओवादी संगठन के तीन दस्ते रविंद्र गंझू, रंथू उरांव और छोटू खेरवार के नेतृत्व में इस क्षेत्र में सक्रिय थे। गुप्त सूचना पर पुलिस ने इनकी घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई है। पुलिस द्वारा एक नक्सली को धर दबोचने की भी चर्चा है। पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारी 10 फरवरी को लंबी बैठक करते रहे।
नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन पर आला अधिकारी नजर रखे हुए थे और मुख्यालय से ही दिशा निर्देश दिए जा रहे थे। घटना के संबंध में पुलिस के आला अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे हैं हालांकि कल वस्तुस्थिति स्पष्ट करने का संकेत दे रहे हैं।