
4 करोड़ को 400 करोड़ का जमीन बताकर किया असुरक्षित
डीसी व एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
चतरा. शहर के गुदरी बाजार के गुप्ता परिवार ने विधायक जनार्दन पासवान पर कई आरोप लगाया है. उनका कहना है कि विधायक ने सदर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित दस कट्ठा जमीन की मांग की थी, नहीं देने पर मामला विधानसभा में उठाया. चार करोड़ की जमीन को 400 करोड़ बताकर उग्रवादी व अपराधियों के नजर में लाकर पूरे परिवार को असुरक्षित किया है. इस वजह से पूरे गुप्ता परिवार डरा हुआ है. उन्होंने विधायक पर तथ्यहीन मामला विधानसभा में उठाने का आरोप लगाया है. इस तरह का मामला उठाकर विधानसभा को गुमराह व परिवार को परेशान किया है. बताया कि उक्त जमीन रैयती व खतियानी जमीन है. विधायक ने फांसीहारी तालाब के अस्तित्व के बारे विधानसभा में मामला उठाया, लेकिन खाता-प्लॉट बगल वाली जमीन का दिया गया, जिससे उन्हें कोई लेना-देना नहीं है. बताया कि जमीन की कई बार जांच हो चुकी है. हर बार जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है. गुप्ता परिवार ने उपायुक्त रमेश घोलप व पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय से सुरक्षा की गुहार लगायी है. गुहार सन्नी कुमार गुप्ता, राजा कुमार गुप्ता, मीरा गुप्ता, रिंकू कुमार गुप्ता सहित अन्य ने लगाई है. मालूम हो कि विधायक ने 24 मार्च को विधानसभा में इससे संबंधित मामला उठाया था. वही दूसरी ओर विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि जमीन संबंधित मामला विधानसभा में उठाये जाने के बाद विजिलेंस की टीम चतरा पहुंची, जिसके कारण यह आरोप लगाया जा रहा है.