
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की घटना
हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, शेष आरोपियों की हो रही है तलाश
महिलाओं को सशक्त व आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए सरकार ने मंईयां सम्मान योजना शुरू की है. लेकिन यह योजना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई. रंका थाना के मानपुर गांव निवासी खुर्शीद अंसारी की पत्नी शकीना बीबी (25 वर्ष) की हत्या उसके ससुरालवालों ने कर दी. शकीना के खाते में सरकार द्वारा मंईयां सम्मान योजना के 7500 रुपये भेजे गये थे. सोमवार को उक्त राशि निकाल कर शकीना जब घर लौटी तो उसके पति खुर्शीद अंसारी, सास रोजनी बीबी और दादी सास नजमा बीबी उससे पैसे मांगने लगे. शकीना ने पैसे देने से जब इंकार किया, तो तीनों उस पर जबरन दबाव बनाने लगे. शकीना ने 500 रुपये अपने पति को दी. इस पर वे लोग नहीं माने और पूरे पैसे देने की मांग करने लगे. पैसे नहीं देने पर घर में विवाद बढ़ गया. जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम के करीब सात बजे उन तीनों ने शकीना की जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. शकीना की हत्या के बाद घर से बाहर पेड़ से लटका कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गयी. जानकारी मिलने पर बेटी के ससुराल पहुंचे शकीना के पिता रोज मोहम्मद अंसारी ने रंका थाना में इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगायी. इस पर रंका थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति खुर्शीद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.
