रांची। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आजसू पार्टी ने मंगलवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में एक दिवसीय धरना दिया। धरने में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
दरअसल, सोमवार को JPSC-JSSC में कथित गड़बड़ियों को लेकर बड़ी संख्या में छात्रों ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया था। प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा गेट तक पहुंच गए थे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस की इस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने का दावा किया गया है। कुछ छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाने की बात सामने आई है।
इसी कार्रवाई के विरोध में आजसू ने मंगलवार को बापू वाटिका में धरना आयोजित किया। धरने को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC से जुड़ा मामला सीधे तौर पर सरकार और शिक्षा व्यवस्था से संबंधित है। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री ही शिक्षा मंत्री भी हैं, इसलिए इस पूरे मामले की जिम्मेदारी सरकार की बनती है।
सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि JPSC और JSSC द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई मामलों में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं और कुछ लोगों के पकड़े जाने की बात भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि अगर परीक्षा व्यवस्था में अनियमितता हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों को पद से हटाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
आजसू सुप्रीमो ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री ही शिक्षा मंत्री हैं, तो सरकार की किसी एजेंसी से जांच कराने पर निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ सकते हैं। इसलिए छात्रों और अभ्यर्थियों के हित में पूरे मामले की सीबीआई जांच जरूरी है।
सुदेश महतो ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस की कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले सरकार की ओर से छात्रों की समस्याओं को समझने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कही गई थी। लेकिन बातचीत के कुछ ही समय बाद छात्रों पर पुलिस कार्रवाई कर दी गई। उन्होंने इसे सरकार के दोहरे रवैये के तौर पर बताया।
उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य और रोजगार के लिए आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना उचित नहीं है। आजसू ने सरकार से मांग की कि छात्रों पर दर्ज मामलों और पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की जाए, घायल छात्रों को उचित इलाज और सहायता दी जाए तथा JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
धरने के दौरान आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार से पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की। पार्टी ने साफ किया कि जब तक छात्रों को न्याय और परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों पर स्पष्ट कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।

