
चतरा उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अभिषेक आनंद के साथ गाली गलौज व मारपीट करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक कुणाल गुप्ता सदर थाना क्षेत्र के डाढ़ा लमटा गांव का रहने वाला है। इस मामले में अवर निरीक्षक अभिषेक आंनद ने सदर थाना में एक मामला दर्ज कराई है। थाना को दिए गए आवेदन में अभिषेक आनंद ने बताया है कि चतरा पुराना पेट्रोल पंप के पास स्थित विदेशी शराब दुकान संख्या तीन में वह विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मियों के साथ दुकान के स्टॉक व नगद का मिलान व ऑडिट करने पहुंचे थे। मिलान के दौरान शराब विक्री के विरुद्ध एक लाख 20 हजार रुपए का अंतर पाया गया। दुकान कर्मचारी कुणाल गुप्ता के द्वारा बताया गया कि यह राशि उन्होंने मानदेय के रूप में रख लिया है। जब उनसे यह बताया गया कि दुकान की राशि मानदेय के रूप में नहीं रखा जा सकता यह नियम के विरुद्ध है। तब कुणाल गुप्ता ने उनके साथ ना सिर्फ गाली गलौज किया बल्कि उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। उनके साथ गए कर्मियों व अधिकारियों ने बीच बचाव कर उनकी जान बचाई। सदर थाना पुलिस ने अवर निरीक्षक के आवेदन के आधार पर युवक के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।