रांची : झारखंड के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉवयड ने उग्रवादियों और अपराधियों के संगठित गिरोहों को हथियार उपलब्ध करानेवाले गैंग के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी महाराष्ट्र से की गयी है। इनके पास से कई हथियार भी बरामद किये गये हैं।

इस गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी पिछले दिनों पकड़े गये सीआरपीएफ जवान अविनाश और उसके दो अन्य सहयोगियों से मिले इनपुट के आधार पर हुई है। जांच में यह बात सामने आयी है कि उग्रवादियों और संगठित आपराधिक गिरोहों को बेचे गये कई हथियार देश के आर्म्ड फोर्सेज के हैं।
बता दें कि झारखंड पुलिस ने पिछले दिनों जम्मू कश्मीर के पुलवामा स्थित सीआरपीएफ के 182 बटालियन में तैनात जवान अविनाश कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा को हथियारों की तस्करी में गिरफ्तार किया था। उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ा गया था।
अविनाश मूल रूप से बिहार के गया जिले के इमामगंज स्थित परसिया गांव का रहने वाला है और वर्तमान में इमामगंज थाना क्षेत्र के रानीगंज का निवासी था तथा पुलवामा में तैनात था और चार महीने से कार्य में अनुपस्थित था। उसके साथ उसके दो सहयोगी बिहार के पटना जिले के सलीमपुर थाना क्षेत्र के बेनिपुर गांव का निवासी ऋषि कुमार व बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव का निवासी पंकज कुमार सिंह की भी गिरफ्तारी हुई थी।
तीनों ही आरोपितों के पास से अब तक 5.56 एमएम के 450 कारतूस बरामद किए गए थे। इन गिरफ्तार लोगों से मिले इनपुट के आधार पर झारखंड एटीएस की टीमों ने देश के कई राज्यों में छापेमारी की है। इसी दौरान महाराष्ट्र से तीन लोग हथियारों के साथ पकड़े गये हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।